कतरास । पुटकी थाना क्षेत्र के पुटकी बीसीसीएल ए-टाइप कॉलोनी में करंट लगने से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई । मृतकों में घर की मालकिन और उनके यहां काम करने वाली महिला मेड हैं । घटना के बाद पूरा क्षेत्र गमगीन है । पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है । यह दर्दनाक हादसा पुटकी थाना क्षेत्र स्थित बीसीसीएल की ए-टाइप कॉलोनी में हुआ । मृतकों की पहचान 50 वर्षीय शोभा सिन्हा और 40 वर्षीय शांति देवी के रूप में हुई है । मामले को लेकर बताया जा रहा है कि शोभा सिन्हा अपने घर की सफाई करवा रही थी । इसी दौरान दोनों किसी तरह बिजली के संपर्क में आ गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई । घटना की सूचना मिलते ही पुटकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि करंट कैसे लगा ।पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आस- पास के लोगों से पूछताछ कर रही है । दोनों का शव घर के बाथरूम से मिला । स्थानीय लोगों के अनुसार शोभा सिन्हा करीब चार महीने बाद अपने घर लौटी थीं । घर की साफ- सफाई के दौरान उनके साथ काम कर रही महिला भी मौजूद थी । इसी बीच दोनों करंट की चपेट में आ गई । लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी लेकिन, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी ।परिजनों का कहना है कि घटना की सही वजह अब तक सामने नहीं आई है । उनका आरोप है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके । मृतका शोभा सिन्हा के परिजनों ने बताया कि परिवार पहले ही कोरोना काल में एक सदस्य को खो चुका है और अब यह दूसरी बड़ी त्रासदी है । फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है । पूरे मामले को लेकर कॉलोनी में मातम पसरा है । पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने बताया कि बीसीसीएल की ए-टाइप कॉलोनी में करंट लगने से दो महिलाओं की मौत हुई है ।दोनों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है । पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *