विश्वजीत चटर्जी
हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार फरार, अस्पताल में एंबुलेंस को लेकर हंगामा
जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के जीएम बंगला के पास बुधवार देर रात स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और स्कॉर्पियो का एयरबैग तक खुल गया। जानकारी के अनुसार भूलन बरारी बूढ़ीबांध निवासी सन्नी यादव, जावेद अंसारी उर्फ छोटका और उसकी पत्नी जोया खातून बाइक से झरिया की ओर जा रहे थे। जोया के पेट में दर्द होने के कारण जावेद उसे मुस्कान हॉस्पिटल इलाज के लिए ले जा रहा था। इसी दौरान सामने से झारिया की तरफ आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो संख्या जेएच 10 डीए – 4060 ने बाइक को टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार सन्नी यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जावेद अंसारी और जोया खातून गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए। सूचना पर जोरापोखर पुलिस पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घायल पति-पत्नी को पहले जियलगोरा क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए एसएनएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया गया है।
मृतक सन्नी की मौत और देरी से एंबुलेंस नहीं मिलने से आक्रोशित लोगों ने जियलगोरा अस्पताल में हंगामा किया। लोगों का कहना था कि अस्पताल में 3 एंबुलेंस खड़ी थीं लेकिन कोई चालक मौजूद नहीं था। इसी वजह से घायलों को भेजने में देरी हुई। अंततः घायलों को किसी अन्य वाहन से धनबाद भेजा गया।
घायल जोया की बहन अफसाना खातून ने बताया कि इलाज के लिए जाते समय यह हादसा हुआ।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार स्कॉर्पियो सवारों की तलाश शुरू कर दी है।
