झरिया । झरिया थाना क्षेत्र मे सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से रोकना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। झरिया थाना क्षेत्र के कतरास मोड़ स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के पास पुलिस टीम पर 30 से 40 लोगों की भीड़ ने बीते दिनों पथराव कर दिया था। हमले में पुलिस वाहन का शीशा टूट गया था और कई पुलिसकर्मी हो गए थे। इसी आलोक में एसएसपी के निर्देश पर एसआईटी गठित कर जांच शुरू कर दी गई है।यह घटना बीते 12 जुलाई की रात करीब 9.15 बजे की है। सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चन्द्र महतो और झरिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शशि रंजन कुमार ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर पूरी जानकारी दी।बताया कि घटना वाली रात को पेट्रोलिंग पार्टी को सूचना मिली थी कि कतरास मोड़ स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के पास कुछ लोग कार के बोनट पर बैठकर खुलेआम शराब पी रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उन लोगों को मना किया। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथापाई पर उतारू हो गए।थोड़ी देर बाद गुलगुलिया पट्टी की ओर से महिला और पुरुषों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने अचानक पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में पेट्रोलिंग वाहन का शीशा चकनाचूर हो गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारी और जवान भी चोटिल हुए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल मौके पर बुलाना पड़ा।इस संबंध में झरिया थाना में काण्ड संख्या 150/26, दिनांक 13.07.2026 दर्ज किया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिंदरी के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया। टीम ने मानवीय और तकनीकी इनपुट के आधार पर छापेमारी कर घटना में शामिल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सोनू कुमार भुईया, राजेश भुईया, आनंद गुलगुलिया और लेवलटी गुलगुलिया शामिल हैं। ये चारों गुलगुलिया पट्टी के निवासी हैं। पांचवां आरोपी विजय भुईया गिरिडीह का रहने वाला है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार संख्या JH01AR-2238 को भी जब्त कर लिया है।एसडीपीओ प्रकाश चन्द्र महतो ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पथराव में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीना और सरकारी काम में बाधा डालना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त बढ़ा दी गई है।पुलिस का कहना है कि एसआइटी सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी।गठित एसआइटी में पु.नि.सह थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार,पु.अ.नि. निरंजन कुमार सिंह ओ.पी. प्रभारी बोरगाढ़,पु.अ.नि. भीमलाल पासवान,पु.अ.नि. जितेन्द्र कुमार, पु.अ.नि. शशि प्रकाश, पु.अ.नि. सुरज कुमार यादव,पु.अ.नि. सौरभ कुमार, स.अ.नि. भगत सिंह,स.अ.नि. जॉनसन कुजूर, एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *