विश्वजीत चटर्जी

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, 3 अज्ञात चोरों की तलाश जारी

जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह दस नंबर टाटा न्यू कॉलोनी में बुधवार शाम एक घर में घुसकर तीन अज्ञात चोरों ने हजारों रुपये के सोने के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना के समय घर में सिर्फ एक महिला अकेली थी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

घटना डिगवाडीह दस नंबर स्थित अवकाश प्राप्त टाटा कर्मी शिवशंकर मल्लाह के आवास की है। शिवशंकर के दोनों बेटे राजेश और राकेश रोज की तरह स्टेडियम गए हुए थे। पत्नी अशर्फी देवी घर में अकेली रसोई में खाना बना रही थीं।

इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक घर के पास पहुंचे। अशर्फी देवी के अनुसार एक युवक घर का जायजा लेकर अंदर घुस गया और अलमारी से सोने का पुराना मंगलसूत्र, हनुमान जी का लॉकेट और 2 हजार रुपये नकद निकालकर फरार हो गया। चोरी गए जेवर का वजन लगभग डेढ़ भर बताया जा रहा है।

अशर्फी देवी ने बताया कि दरवाजे की आवाज सुनकर जब वह बाहर आई तो एक लड़का घर से निकल रहा था। पूछने पर चोर ने कहा कि वह उनके बेटे राजेश को खोजने और उसका नंबर लेने आए हैं। इतना कहकर तीनों मोटरसाइकिल से भाग निकले। कुछ देर बाद अंदर जाकर देखा तो अलमारी से सामान गायब था।

घटना की सूचना मिलते ही जोरापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान हो सके। थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही चोरों को पकड़कर चोरी का सामान बरामद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *