अभिषेक मिश्रा

चासनाला । रिवर साइड सुदामडीह टाइप-2 निवासी ब्रजेश सिंह के छोटे पुत्र आशीष सिंह बुधवार को दोपहर 12 बजे के लगभग अपने बड़े भाई की कार चलाना सीखते समय हादसे का शिकार हो गए। गनीमत रही कि कार में लगे एयरबैग के कारण उन्हें गंभीर चोटें नहीं आईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशीष अपने बड़े भाई की मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार संख्या 25 BH 8492 R* लेकर रिवर साइड स्थित CISF कैंप के पास बने नए पुल से भोजूडीह की ओर गए थे। प्रशिक्षण के दौरान वापस लौटते समय जब उन्होंने वाहन को बैक गियर में डाला, तो पुल की ढलान के कारण कार अचानक पीछे की ओर लुढ़कने लगी। घबराहट में आशीष से ब्रेक के बजाय एक्सीलेटर दब गया। इससे कार की गति और बढ़ गई और वह सड़क किनारे लगे सुरक्षा पिलर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के समय एयरबैग खुल जाने से आशीष को केवल हल्की चोटें आईं और उनकी जान बच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना भोजूडीह थाने में दे दिया। लोगों का कहना है कि यदि वहां सुरक्षा पिलर नहीं लगा होता, तो कार सीधे खाई में गिर जाती और बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आशीष को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को कब्जे में ले लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *