विश्वजीत चटर्जी

गड्ढे के आकार को लेकर हुआ विवाद, थाने में शिकायत दर्ज

जोरापोखर। जामाडोबा-जीतपुर मुख्य मार्ग पर बड़कीटांड बाजार में रविवार शाम को बने गॉफ के भराई के दौरान दो पड़ोसियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। गड्ढे के आकार को लेकर शुरू हुआ विवाद लाठी-डंडे और पत्थरबाजी तक पहुंच गया। घटना में एक दुकान संचालक घायल हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़कीटांड बाजार में टाटा प्रबंधन द्वारा रविवार को बने गॉफ की भराई की जा रही थी। आरोप है कि कामगार गॉफ के व्यास को ऊपर से बढ़ाकर काम कर रहे थे। इसी दौरान गॉफ के पास के रहने वाले दुकान संचालक आरिफ अंसारी और उनके पड़ोसी मोहम्मद वाहिद के बीच गड्ढे के छोटे-बड़े आकार को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बात बढ़ गई और दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।

घटना में आरिफ अंसारी को चोटें आईं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए जामाडोबा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरिफ ने जोरापोखर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में आरिफ ने कहा, सुबह मैं अपनी दुकान के पास खड़ा था। इसी बीच मोहम्मद वाहिद, मोहम्मद शाहिद और अन्य लोगों ने गड्ढे के विवाद को लेकर मुझ पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे मुझे गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।

वहीं दूसरी ओर मोहम्मद वाहिद के परिजनों ने आरिफ के सभी आरोपों को निराधार बताया है। वाहिद परिवार का कहना है कि आरिफ ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उनके घर पर ईंट-पत्थर फेंके थे।

जोड़ापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने बताया, दोनों पड़ोसी आपस में भिड़े हैं। दोनों पक्ष के आवेदन पर जोरापोखर थाना कांड संख्या 81/26 एवं 82/26 दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *