धनबाद। हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना की पुलिस टीम मंगलवार सुबह धनबाद के मैथन क्षेत्र में एक अभियुक्त की तलाश में छापेमारी के लिए पहुंची थी। छापेमारी के दौरान आरोपी हाथ नहीं लगा। इसके बाद पुलिस टीम सरकारी वाहन से वापस लौट रही थी। इसी क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पुलिस वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक पुलिस जवान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक जवान की पहचान रामलखन यादव (50 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में नरेश यादव (37 वर्ष), ग्रीन पासवान (37 वर्ष) तथा सरकारी वाहन के चालक गौरव कुमार (करीब 35 वर्ष) शामिल हैं।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से सभी घायलों को तत्काल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच), धनबाद लाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए असर्फी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।

एसएनएमएमसीएच आरक्षी चौकी में तैनात एसआई विनोद कुर्जू ने बताया कि चलकुशा थाना की पुलिस टीम मैथन में एक अभियुक्त की तलाश में छापेमारी करने आई थी। कार्रवाई के बाद सरकारी वाहन से लौटने के दौरान बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से वाहन की टक्कर हो गई। हादसे में एक जवान की मौत हो गई, जबकि अन्य तीन घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

वहीं घायल जवान के भतीजे आदर्श पासवान ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद वह अस्पताल पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों द्वारा इलाज किया जा रहा है और चिकित्सकीय रिपोर्ट का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *