विश्वजीत चटर्जी
विस्थापितों को कॉलोनी के ट्रांसफार्मर से लाइन देने का विरोध, टकराव की आशंका
जोरापोखर। आउटसोर्सिंग प्रबंधन द्वारा विस्थापितों को लक्ष्मी कॉलोनी के ट्रांसफार्मर से बिजली देने की कवायद के कारण कॉलोनी वासियों और परियोजना समर्थकों के बीच तनाव बढ़ गया है। रविवार को टकराव की स्थिति बन गई थी, लेकिन समय रहते मामला टल गया।
बताते चलें कि अलकडीहा ओपी क्षेत्र के इष्ट बरारी के लगभग 40 आवासों का विस्थापन जोरापोखर थाना क्षेत्र की लक्ष्मी कॉलोनी में किया जा रहा है। विस्थापितों के लिए आवास बनकर तैयार हैं और लोगों ने गृह प्रवेश की पूजा-पाठ भी कर ली है। लेकिन घरों में बिजली कनेक्शन नहीं होने के कारण लोग गृह प्रवेश करने से इनकार कर रहे हैं।
परियोजना के विस्तारीकरण को लेकर प्रबंधन प्रभावित क्षेत्रों को जल्द खाली कराने के लिए गंभीर है। इसी के तहत प्रबंधन लक्ष्मी कॉलोनी में लगे ट्रांसफार्मर से ही विस्थापितों को बिजली देने की कवायद शुरू कर दी है। रविवार को प्रबंधन पक्ष जबरन बिजली कनेक्शन करने कॉलोनी आने वाले थे।
प्रबंधन के इस कदम का कॉलोनी के लोगों ने कड़ा विरोध किया। सूचना मिलते ही लोग मोर्चाबंदी करने लगे। प्रबंधन समर्थकों को इसकी जानकारी मिलने के बाद वे कॉलोनी नहीं पहुंचे, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव व्याप्त हो गया है।
कॉलोनी वासियों का कहना है कि कॉलोनी में लगभग 250 आवास हैं जिसके लिए 100 केवी का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। इसी ट्रांसफार्मर से जोगनकोचा बस्ती को भी लाइन दी जाती है। पहले से ही लोड अधिक होने के कारण यहां लो वोल्टेज की समस्या है। इस स्थिति में विस्थापितों को भी इसी ट्रांसफार्मर से बिजली देने पर लोगों का जीना मुहाल हो जाएगा। लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन से मांग की है कि टकराव टालने के लिए विस्थापितों के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाकर अलग से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस प्रशासन भी मामले पर नजर रख रहा है।
