अभिषेक मिश्रा
गोदी मीडिया जैसे कलंकित शब्द मिटाने को पत्रकार पहल करें : अभिषेक सिंह
चासनाला । जोरापोखर थाना स्थित शालीमार में शनिवार को कोयलांचल पत्रकार संघ का 35 वां स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की शुभारंभ संघ के 35 वर्ष सफलता पूर्वक पुरे करने पर संघ के पदाधिकारियों ने समारोह के मुख्य अतिथि जमसंघ के महामंत्री अभिषेक सिंह,विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार सह बिहार ऑब्जर्वर के संपादक गणेश मिश्रा,जोरापोखर थाना के प्रभारी उदय कुमार गुप्ता, जागरण के झरिया प्रभारी,सुमित राज अरोड़ा आदि के साथ केक काटकर किया गया। समारोह में पत्रकार सह लेखक जानकदेव जनक,संघ के संस्थापक सह महामंत्री मुख्तार अहमद, गणेश तिवारी,आदित्य सिंह,पवन गुप्ता, राजन सिंह,अशोक निषाद,ऐनुल अंसारी,रणधीर कुमार, राजेश चौधरी सहित 20 पत्रकारो को उनकी अच्छी सेवा के लिए सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता अध्यक्ष सुनील सिंह,एवं संचालन महामंत्री मो मुख्तार अहमद ने किया । समारोह में संघ के पूर्व कोषाध्यक्ष लखन विश्वकर्मा के असामयिक निधन पर शोक प्रकट करते हुए दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अभिषेक सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होता है जिसमें समाज की कुरीतियों तथा अच्छे बुरे खबरों को दर्पण में दिखाना पत्रकारों का दायित्व होता है। पत्रकार के जरिए ही हम लोगों को घर बैठे सभी तरह की जानकारियां मिलती है। इसलिए पत्रकार अपनी कलम की ताकत को बनाए रखें,पत्रकार की ताकत ही देश को दिशा और दशा को तय करती है। इसलिए पत्रकार अपनी ताकत को चंद स्वार्थ में कमजोर होने से बचाए। क्योंकि कुछ लोगों के चलते ही आज देश में पत्रकारों को गोदी मीडिया कहकर कलंकित करने की आवाज उठने लगी है। इस बदनुमा दाग को मिटाने को सभी पत्रकारों को मिलकर पहल करने की आवश्यकता है। उन्होंने कोयलांचल पत्रकार संघ के कार्यकलाप की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह खुशी की बात है कि पत्रकारों के संरक्षण के लिए बनी संघ आज 35 वर्ष में पौधा से पेड़ बन गई है।जिसे विशाल दरख्त बनाने को एकता बनाए रखे। विशिष्ट अतिथि तथा पत्रकारों के मार्गदर्शक गणेश मिश्रा ने कहा कि 90 के दशक में पत्रकारों की पीड़ा को सुननेवाला कोई दमदार संगठन नहीं था। वैसे समय में रिपोर्टरों के संरक्षण तथा उनकी पीड़ा पर मरहम लगाने को कोयलांचल पत्रकार संघ का गठन किया गया जो आज पत्रकारों के लिए जिले में एक आंदोलन बन चुकी है। जिले में यही एक संगठन है जो दल गत भावना से उठकर पत्रकारों की रक्षा के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि समय चाहे जितना भी करवट ले मगर पत्रकारों को साक्ष्य के साथ समाचार प्रेषण करने में अपनी सच्ची पत्रकारिता को दिखाए। थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने समारोह में पत्रकारों को अपनी शुभकामना देते हुए उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का आश्वासन दिया। समारोह को शैलेन्द्र जायसवाल,सुमित राज अरोड़ा,अधिवक्ता अंजन सिंहा,पार्षद अलीम अंसारी,मल्लू सिंह,धर्मेंद्र सिंह,धर्मेंद्र राय खुशबू कुमारी नि भी संबोधित किया। समारोह संघ के सारे सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
