झरिया । शुक्रवार को झरिया में कथित तौर पर एसआईआर फॉर्म भरने के नाम पर बीएलओ द्वारा पैसा लेने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से हो रहा वायरल । मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर जिला प्रशासन पारदर्शिता का दावा कर रहा है, लेकिन झरिया से सामने आया एक वीडियो इस दावे पर सवाल खड़ा कर रहा है। वीडियो में एक कथित बीएलओ को सड़क किनारे बैठकर मतदाताओं से एसआईआर फॉर्म भरने के नाम पर रुपये लेते हुए देखा जा रहा है । यह मामला झरिया के चिल्ड्रेन पार्क के पास वार्ड संख्या-43 का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में एक महिला जमीन पर फॉर्म और कागजात फैलाकर बैठी है और उसके पास कई महिलाएं कतार में खड़ी हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह महिला फॉर्म भरवाने के एवज में पैसे ले रही है। कुछ महिलाओं ने कहा कि उनसे फॉर्म भरवाने के लिए रुपये लिए गए हैं। उनका कहना है कि “सरकारी काम बिना पैसे के नहीं होता”।स्थानीय लोगों का दावा है कि संबंधित महिला भागा शालीमार क्षेत्र से आकर यहां फॉर्म भरने का काम करती है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि वीडियो में दिख रही महिला अधिकृत बीएलओ है या नहीं। प्रशासन का कहना है कि इस मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।गौरतलब है कि एसआईआर को लेकर धनबाद जिला प्रशासन ने पहले ही स्पष्ट निर्देश जारी कर चुकी है कि फॉर्म भरने के लिए किसी को पैसा देना या लेना दंडनीय अपराध है। एक दिन पहले ही एसडीएम लोकेश बारंगे ने वासेपुर में पैसे लेकर एसआईआर फॉर्म भरने वाले एक साइबर कैफे को सील कर दिया था। उन्होंने लोगों से अपील की थी कि वे केवल अधिकृत बीएलओ, बीएलए-2, सुपरवाइजर या अन्य अधिकृत कर्मियों की ही सहायता लें।अब झरिया का यह वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन की मॉनिटरिंग और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। यदि आरोप सही साबित होती है तो निष्पक्षता और पारदर्शिता पर गंभीर आघात होगा। फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से इस मामले में जांच के आदेश दिए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि न्यूज 365.in वायरल वीडियो के सच्चाई की पुष्टि नहीं करती है ।
