विश्वजीत चटर्जी

प्रबंधन ने लिखित आश्वासन दिया, एनओसी मिलने के बाद बहाल होगी आपूर्ति

जोरापोखर। बरारी कोलियरी की लक्ष्मी कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से बिजली और पीट वाटर की आपूर्ति ठप रहने से नाराज लोगों ने सोमवार देर शाम लोदना क्षेत्रीय कार्यालय में जमकर हंगामा किया। अधिकारियों के टालमटोल रवैये से क्षुब्ध लोगों ने मुख्य गेट जाम कर धरना दिया और प्रबंधन विरोधी नारे लगाए।

दरअसल, दस सिम रेलवे लाइन के पास एक सप्ताह पहले बिजली का केबुल जल गया था। इससे लगभग 250 परिवारों वाली लक्ष्मी कॉलोनी में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली नहीं रहने से क्षेत्र में पीट वाटर की सप्लाई भी बंद है। भीषण गर्मी में लोग पानी और बिजली के लिए तरस रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली बहाली के लिए कई बार कोलियरी के पीओ से वार्ता की गई। सोमवार को जब मरम्मत कार्य शुरू हुआ तो रेल सुरक्षा कर्मियों ने बिना एनओसी के रेल लाइन से बिजली तार पार करने पर रोक लगा दी। इससे भड़के दर्जनों लोग करीब पांच किलोमीटर पैदल चलकर लोदना क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।

लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए क्षेत्रीय प्रबंधन ने हस्तक्षेप किया। वार्ता के बाद प्रबंधन ने श्रमिक नेता सबूर गोराई और समाजसेवी सलीम आजाद को लिखित आश्वासन दिया। प्रबंधन ने कहा कि बिजली बहाली में आ रही सभी खामियों को अविलंब दूर कर रेल प्रबंधन को अनापत्ति पत्र दिया जाएगा।

पीओ अनिल कुमार और क्षेत्रीय विद्युत अभियंता एस मालवीय ने भी लोगों को अतिशीघ्र बिजली बहाल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग चेतावनी देकर वापस लौट गए।

मौके पर सुरेंद्र राम, मनोज साव, धर्मेंद्र पासवान, शिबू निषाद, रंजीत निषाद, मंगल सिंह, मो. पिंटू, धर्मराज धाड़ी समेत बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद थे। लोगों का कहना है कि अगर जल्द बिजली-पानी बहाल नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *