दुकानदार गंभीर स्थिति में रांची के अस्पताल में इलाजरत
स्थानीय लोगों ने कथित दोनों बैंक कर्मियों को पड़कर पुलिस को सौंपा
झरिया । झरिया थाना क्षेत्र के अशोक रोड में दो ब्यक्ति पर सोमवार को अपने को बैंक एजेंट बताकर एक दुकान पर पहुंचकर दुकानदार सचिन केशरी के साथ मारपीट और उनकी पत्नी से अभद्रता करने आरोप लगा है। घटना के बाद पीड़ित सचिन केशरी की हालत नाजुक बनी हुई है और वह रांची के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। मामले में पीड़ित के बड़े भाई विनोद केशरी ने सोमवार को झरिया थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।विनोद केशरी के आवेदन के अनुसार, घटना बीते 27 जून शनिवार दोपहर करीब 12 बजे की है। जहां पांच लोग खुद को इंडसइंड बैंक का एजेंट बताकर अशोक रोड स्थित सचिन केशरी की दुकान पर पहुंचे थे। आरोप है कि बैंक लोन की किस्त बकाया होने की बात कहकर उन्होंने सचिन और उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने सचिन के साथ हाथापाई की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को पहले भगानिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने रांची के वेदांता अस्पताल, रेफर कर दिया।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के अगले दिन 28 जून को अलग-अलग पांच से छह मोबाइल नंबरों से परिवार को धमकी भरे कॉल आए। इसके बाद सोमवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे दो युवक फिर से सचिन की बंद दुकान पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। स्थानीय दुकानदारों के पूछने पर उन्होंने अपना नाम रूपेश कुमार और जयप्रकाश तिवारी बताया। दोनों मोटरसाइकिल संख्या JH 11 AY 3024 से आए थे।विनोद केशरी ने बताया कि लगातार मानसिक प्रताड़ना के कारण उनके भाई सचिन की तबीयत और बिगड़ गई है। आक्रोशित लोगों ने सोमवार को केला पट्टी के पास दोनों युवकों को पकड़कर बंधक बना लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची झरिया पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद इलाके में घंटों गहमागहमी का माहौल रहा।विनोद केशरी ने पुलिस से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और उनके परिवार को सुरक्षा दी जाए। फिलहाल दोनों कथित बैंक एजेंट पुलिस हिरासत में हैं और झरिया पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। सचिन केशरी की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
