धनबाद। इनर व्हील क्लब और रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को जीवन ज्योति दिव्यांग बच्चों के विशेष विद्यालय में मैंगो फेस्टिवल का आयोजन किया गया। इस दौरान फलों के राजा आम का स्वागत अनोखे अंदाज में किया गया और दिव्यांग बच्चों के साथ विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक गेम्स में हिस्सा लिया और आम से जुड़े कई रोचक आयोजनों का आनंद उठाया। विशेष आकर्षण यह रहा कि बच्चों के अभिभावक भी अपने घरों से विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन बनाकर लाए, जिन्हें सभी बच्चों के बीच प्रेमपूर्वक परोसा गया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
इनर व्हील क्लब की सदस्य अश्विनी लाल ने बताया कि आम को फलों का राजा कहा जाता है और इसकी कई किस्में अपनी मिठास के लिए प्रसिद्ध हैं। इसी मिठास और खुशियों को दिव्यांग बच्चों के साथ साझा करने के उद्देश्य से मैंगो फेस्टिवल का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि बच्चे भी आम की थीम पर तैयार होकर कार्यक्रम में शामिल हुए, जिससे आयोजन और भी आकर्षक बन गया।
आगे उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ-साथ खुशियों के पल प्रदान करना है।
