धनबाद। सीसीआर डीएसपी सह साइबर थाना के अतिरिक्त प्रभारी प्रदीप कुमार साव ने सोमवार को प्रेस वार्ता में साइबर अपराध से जुड़े एक मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर गठित टीम ने पुराना बरवाअड्डा थाना के सामने स्थित कृष्णा इंटरनेट कैफे में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकुंदा निवासी संतोष कुमार गोराई (35 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह आम लोगों को झांसे में लेकर विभिन्न बैंकों में उनके नाम से खाते खुलवाता था। इसके बदले उन्हें पांच हजार रुपये तक देता था और उनसे बैंक खाते से जुड़े एटीएम कार्ड तथा मोबाइल सिम अपने पास रख लेता था।
डीएसपी ने बताया कि आरोपी बाद में इन बैंक खातों, एटीएम कार्ड और सिम को साइबर अपराधियों को 20 से 25 हजार रुपये में बेच देता था। इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त रकम की निकासी और अन्य खातों में ट्रांसफर के लिए किया जाता था। पुलिस द्वारा जब्त मोबाइल फोन की जांच में विभिन्न बैंक खातों से जुड़े स्क्रीनशॉट और यूपीआई एप्लिकेशन मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया कि इन खातों के विरुद्ध राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर कई शिकायतें दर्ज हैं। छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड और सात एटीएम कार्ड बरामद किए गए। इस मामले में साइबर थाना धनबाद में कांड संख्या 32/2026 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
