झरिया । भौरा ओपी क्षेत्र के कालीमेला स्थित दामोदर नदी श्मशान घाट में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब यात्री शेड के अंदर एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। शव देखकर प्रतीत होता है कि मृतक युवक की गला रेतकर निर्मम तरीके से हत्या किए जाने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई । जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोग दामोदर नदी घाट पर अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर यात्री शेड के अंदर पड़े शव पर पड़ी। शव को देखते ही लोगों के होश उड़ गए और तुरंत इसकी सूचना भौरा ओपी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी सौरभ सुमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। वहीं मृतक युवक की पहचान होरलाडीह तीन नम्बर निवासी मो. नोशाद अंसारी के पुत्र दिलशाद अंसारी ( 23 ) के रूप में हुई है । घटनास्थल पर चारों ओर खून फैला हुआ था, जिससे हत्या की वारदात की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस ने घटना स्थल से एक पैशन प्लस मोटरसाइकिल संख्या जेएच 10 बीआर – 1904 और उसकी चाबी बरामद की है। इसके अलावा एक धारदार हथियार भी मिला है, जिसे कागज में लपेट कर रखा गया था। पुलिस को शव के पास खाने-पीने का सामान, चिकन चिल्ली, भुजिया, माचिस और एक जोड़ी चप्पल भी मिली है। मृतक ने चेकदार शर्ट और कॉफी रंग की पैंट पहन रखी थी। मृतक लोदना स्थित आउटसोर्सिंग में निजी कर्मी के तौर पर काम करता था । वह कल शाम को ही घर से गया था और रात भर घर नहीं लौटा । वही खबर मिलते है काफी संख्या मोहल्ले से लोग घटनास्थल पर पहुंच गए । वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है । पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और घटना स्थल से मिले साक्ष्यों को जब्त कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस जल्द मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।
