झरिया । सोमवार को धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार झरिया थाना पहुंचे। उनके इस औचक आगमन से थाना परिसर में हलचल तेज हो गई। एसएसपी ने थाने का निरीक्षण किया और आगामी बकरीद पर्व की सुरक्षा व्यवस्था सहित पुलिसिंग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और अपराधियों की धरपकड़ को लेकर सख्त निर्देश दिए। इस दौरान लंबित कांडों की समीक्षा हुई, पुराने वारंटियों को पकड़ने का भी आदेश दिए।थाने में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने झरिया थाना में दर्ज कई पुराने और लंबित मामलों (कांडों) की फाइलें खंगालीं। उन्होंने जांच अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो भी मामले लंबे समय से निलंबित हैं, उनका निष्पादन जल्द से जल्द किया जाए। इस मौके पर एस एस पी ने बताया कि झरिया थाना का औचक निरीक्षण किया गया है। इस दौरान कई पुराने कांडों की बारीकी से समीक्षा की गई। पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि क्षेत्र के पुराने वारंटियों को चिन्हित कर उनकी अविलंब गिरफ्तारी की जाए, ताकि अपराध पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।”


बकरीद (ईद-उल-अजहा) त्योहार के मद्देनजर एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था की विशेष रूप से समीक्षा की। उन्होंने झरिया पुलिस को क्षेत्र में शांति और सौहार्द का माहौल बनाए रखने के लिए अलर्ट मोड पर रहने को कहा।संवेदनशील इलाकों पर नजर: त्योहार के दौरान झरिया के सभी संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने का निर्देश दिया।
एसएसपी ने साफ किया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले शरारती तत्वों पर पुलिस की साइबर सेल कड़ी नजर रखेगी। शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस को नियमित गश्त और आवश्यकतानुसार फ्लैग मार्च करने का निर्देश दिया गया है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने स्थानीय अधिकारियों को कहा कि जनता की सुरक्षा और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आम जनता से बेहतर समन्वय बनाने और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का संदेश दिया।इस मौके पर झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार सहित अंचल के कई वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *