धनसार थाना के समीप फर्नीचर दुकान में चोरी के बाद लगाई आग
25 हजार रुपए नकद, मशीन समेत दो लाख रुपए के सामान की चोरी
झरिया । सोमवार की देर रात धनसार थाना के समीप एक फर्नीचर की दुकान में चोरी की घटना हुई । इस घटना ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे है । इन दीनों कोयलांचल में चोरी की घटनाएं चरम पर है । रोजाना कहीं न कहीं से चोरी की खबरें सामने आ रही हैं। ताजा मामला धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र का है । जहां धनसार थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित विश्वकर्मा फर्नीचर दुकान में चोरों ने हांथ साफ लर आराम से फरार हो गए । चोरों ने दुकान का ताला तोड़ने के साथ ही करकट की छत को भी क्षतिग्रस्त कर दुकान में आग लगा दिया । घटना में लगभग 25 हजार रुपए नकद और मशीन समेत लगभग दो लाख रुपए के सामान चोरी होने की बात दुकान संचालक ने कही है । दुकान संचालक राम बाबू शर्मा ने बताया कि रात में दुकान से धुआं निकलने की सूचना मिली थी । मौके पर पहुंचने पर देखा कि दुकान की करकट की छत टूटी हुई थी और अंदर आग लगी थी । दुकान संचालक ने आग बुझाने के बाद देखा तो, दुकान में सामान बिखरा पड़ा था । चोरों ने दुकान में रखे 22 हजार रुपए नकद और करीब दो लाख रुपए की मशीन व अन्य सामान लेकर फरार हो गए हैं । कुछ मशीनों को आग से नुकसान भी पहुंचा हैं । घटना की जानकारी सुबह धनसार पुलिस को दी गई । सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का जायजा लिया । पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ।पुलिस चोरों की पहचान और घटना के तरीके की जांच कर रही है । थाना के ठीक बगल हुई चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों में भी चिंता है ।
