धनबाद । धनबाद में आतंक और रंगदारी का पर्याय बन चुके कुख्यात अपराधी प्रिन्स खान गैंग को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। गैंग के प्रमुख सदस्य सैयद अब्बास नकवी उर्फ सैफी उर्फ मेजर को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर धनबाद लाया गया, जहां पूछताछ में कई सनसनीखेज राज सामने आए हैं।

बुधवार को धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि धनबाद पुलिस की गिरफ्त में आया सैयद अब्बास नकवी उर्फ मेजर, प्रिन्स खान गैंग का वह अहम सदस्य है जो पिछले कई वर्षों से जिले में रंगदारी, गोलीबारी और बमबाजी जैसी वारदातों को अंजाम देने में सक्रिय था। पुलिस पूछताछ में मेजर ने करीब तीन दर्जन मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। साथ ही उसने बताया कि वह गैंग के लिए तकनीकी और वित्तीय मैनेजमेंट संभालता था – जैसे वर्चुअल नंबर उपलब्ध कराना, धमकी भरे कॉल करना, और रंगदारी की रकम को हवाला, बैंक ट्रांसफर और बिटकॉइन के जरिए प्रिन्स खान तक पहुंचाना।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि पुलिस दबाव के कारण प्रिन्स खान दुबई से भागकर पाकिस्तान में शरण लिए हुए है और प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ चुका है। मेजर ने बताया कि गैंग में दरार भी आ गई थी और पाकिस्तान जाने को लेकर मतभेद के बाद उसे गैंग से अलग कर दिया गया था।

मेजर ने कई बड़े आपराधिक मामलों का भी खुलासा किया है, जिसमें रंजीत सिंह हत्याकांड, नन्हें खान की हत्या, उपेंद्र सिंह मर्डर केस और कई व्यवसायियों पर गोलीबारी व बमबाजी की घटनाएं शामिल हैं। वर्ष 2023 में रिकवरी एजेंट उपेंद्र सिंह की हत्या उसकी ही पत्नी ने एक सडयंत्र के तहत प्रिंस खान की मदद से कराई गई थी। बताया जाता है कि उपेंद्र सिंह की पत्नी का किसी अन्य के साथ अवैध संबंध था और यही उपेंद्र की मौत का कारण बना। जिसमे प्रिंस खान ने उसकी पत्नी की मदद की थी।

इसके अलावा उसने यह भी बताया कि गैंग ने 100 से ज्यादा बैंक खातों का इस्तेमाल रंगदारी की रकम के लेनदेन के लिए किया। चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि गैंग द्वारा दहशत फैलाने के लिए कुछ मीडिया से जुड़े लोगों का भी इस्तेमाल किया गया, जबकि कई सफेदपोश और राजनीतिक संपर्कों की भी जांच चल रही है।

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि पूछताछ में सैफी ने बताया है कि प्रिंस खान नशीली दवाओं का आदि है और वह बदहवास होने तक नशा करता रहता है। सैफी के अनुसार उसके अलग होने के बाद प्रिंस खान के गैंग का संचालन उसका भाई गोपी खान, गोपी खान का साला ऋत्विक खान उसका एक अन्य रिशेतदार आदिल, प्रिंस खान की दो पत्नियां दुबई में रहकर कर रही हैं। इसके अलावा प्रिंस खान के भारत में रह रहे दो भाई एवं अन्य रिशेतदार भी उसके गैंग को मदद पहुंचा रहे हैं। सैफी के अनुसार कुछ माह पहले तक धनबाद से करीब 1 करोड़ रुपये हर महीने रंगदारी वसूल रहा था, जो अब काफी कम हो गया है।

एसएसपी ने बताया कि अभी भी धनबाद के कई हिस्सों से व्यपारियों द्वारा प्रिंस खान को रुपये भेजे जा रहें हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रिंस खान को रुपये भेजना बंद करें, क्योंकि अब आप प्रिंस खान को पैसे भेजते हैं तो समझिए आप एक आतंकवादी को आर्थिक मदद पहुंचा रहे हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और प्रिन्स खान गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *