धनबाद । झारखंड के धनबाद जिले के मुनीडीह ओपी क्षेत्र स्थित बीसीसीएल मुनीडीह कोल वाशरी प्रोजेक्ट में शनिवार को एक बड़ा हादसा हुआ । जहां ट्रक पर कोयला का स्लरी लोडिंग के दौरान अचानक स्लरी गिरने से चार मजदूर स्लरी की चपेट में आ गए और उनकी दबकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं चार मौत के कारण क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई । बताया जा रहा है कि लोडिंग के दौरान अचानक भारी मात्रा में स्लरी ढह गई, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर दब गए। वहां मौजूद मजदूरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत – बचाव कार्य शुरू कर दिया और मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने की कोशिश की। इस भीषण हादसे में माणिक बाउरी, दिनेश बाउरी, दीपक बाउरी और हेमलाल गोप की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, सीआईएसएफ की टीम और प्रशासन मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया । इधर, आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने चारों शवों को मुनीडीह कोल वाशरी गेट के सामने रखकर मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *