धनबाद । भगौड़ा प्रिंस खान के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। उसके मुख्य गुर्गे शैफी उर्फ मेजर को एक बार फिर पुलिस ने तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पूछताछ में कई अहम खुलासे हो रहे हैं, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। धनबाद पुलिस को शैफी उर्फ मेजर की गिरफ्तारी के बाद पहले तीन दिनों का रिमांड मिला था। शनिवार को कोर्ट से फिर तीन दिनों का रिमांड हासिल किया गया है। धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि 10 सदस्यीय विशेष टीम लगातार शैफी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान प्रिंस खान के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अब तक इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जिनमें जमीन कारोबारी भी शामिल हैं।
