धनबाद । कोयलांचल में अपराधियों के हौसले सातवें आसमान पर है जिसका ताजा उदाहरण बुधवार की रात तेतुलमारी थाना क्षेत्र के शक्ति चौक 8 लेन से सामने आया है । जहां अपराधीयों ने कोयला कारोबारी पर गोलियां बरसा दी । 8 लेन मार्ग स्थित शक्ति चौक के पास बाइक सवार अपराधियों ने एक कोयला कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में कारोबारी मनीष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनीष सिंह अपनी एसयूवी गाड़ी में सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली सीधे उनकी छाती में जा लगी और कुछ ही सेकंड में वहां अफरा-तफरी मच गई। हमलावर बेखौफ अंदाज में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए, और शहर की पुलिस व्यवस्था मानो कहीं दिखाई ही नहीं दी।

घायल मनीष सिंह को तुरंत अशर्फी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन स्थिति गंभीर होने और गोली छाती में फंसे रहने के कारण उसे वहां नहीं निकाला जा सका। बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल दुर्गापुर रेफर कर दिया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ जांच की बात कह रही है, प्रारंभिक तौर पर पुरानी रंजिश या कारोबारी विवाद की बात सामने आ रही है, मगर सच क्या है, यह जांच के बाद ही साफ होगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *