कतरास । बुधवार को धनबाद-रांची मुख्य मार्ग के समीप केंदुआडीह थाना के पास सुबह लगभग 8 बजे सड़क अचानक बीच से करीब 2 फीट तक धंस गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग दहशत में है । सड़क धंसने के साथ ही कई जगहों पर दरारें भी दिखाई दे रही है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई है। स्थिति को देखते हुए केंदुआडीह पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर मुख्य मार्ग को बंद कर दिया है। फिलहाल, यातायात को पास की एक लिंक रोड के जरिए संचालित किया जा रहा है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय के अनुसार, मामले की जानकारी बीसीसीएल और जिला प्रशासन को दे दी गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस सड़क को स्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया जा सकता है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि बीसीसीएल लोगों को हटाने के लिए साजिश कर रही है। उनका कहना है कि लोग विस्थापन के लिए तैयार हैं, लेकिन उनकी शर्तें नहीं मानी जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *