धनबाद । धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां एक युवती की मौत के बाद पांच दिनों तक उसका शव घर में ही पड़ा रहा, जिसके बाद उसके भाई ने बाथरूम में शव को जला दिया। यह पूरी घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था, बल्कि समाज में बढ़ती दूरियों और पड़ोसियों की संवेदनहीनता पर भी कई गंभीर सवाल खड़े करती है।
मामला गोविंदपुर थाना क्षेत्र के वास्तु विहार स्थित एक आवासीय कॉलोनी का है। बताया जा रहा है कि यह मकान CIMFR (सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ माइनिंग एंड फ्यूल रिसर्च) के एक रिटायर्ड वैज्ञानिक संगीत कुमार का था, जिनकी वर्ष 2023 में मृत्यु हो चुकी है। उनकी तलाकशुदा बेटी लिपिका कुमारी जो लंबे समय से डिप्रेशन में थी, घर में अकेली रहती थी। धीरे-धीरे परिवार के अन्य सदस्य भी समाज से कटते चले गए और खुद को पूरी तरह अलग-थलग कर लिया। बताया जा रहा है कि 8 तारीख को युवती की मौत हो गई।
घर में मौजूद उसके भाइ प्रणव राजवर्धन ने इसकी जानकारी पड़ोसियों को दी, लेकिन पड़ोसियों ने उनकी बात पर विश्वास नहीं किया और कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। आरोप है कि आपसी तालमेल की कमी और घबराहट के कारण बड़े भाई ने घर के बाथरूम में ही कपड़े, रजाई और तकिए के साथ शव को जला दिया।
घटना का खुलासा बीते 12 अप्रैल को तब हुआ जब घर से अधजली लाश से तेज दुर्गंध और जलने की बदबू आने लगी। जिससे आसपास के लोगों का रहना मुश्किल हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम से जले हुए अवशेष बरामद किए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
