अभिषेक मिश्रा
चासनाला । सोमवार की सुबह जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह कांटा घर के समीप आउटसोर्सिंग डंप में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई । घटना की सूचना मिलते ही काफी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे । वहीं मृतक युवक की पहचान जेलगोड़ा 7 नंबर खपड़ाधौड़ा निवासी लगभग 43 वर्षीय शमीम अंसारी उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है । लोगों ने गुड्डू की हत्या होने की आशंका जताई है । स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि इलाके में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग नहीं होती है । जिसके कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं । स्थानीय लोगों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है । लोगों का कहना है कि आगे क्या करना है यह पोस्टमार्ट रिपोर्ट आने के बाद तय होगा ।सूचना मिलने के बाद जोड़ापोखर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । पुलिस की मौजूदगी में भी लोगों का आक्रोश देखने को मिला । इस संबंध में थाना प्रभारी उदय प्रताप ने बताया कि डंप क्षेत्र से एक शव बरामद किया गया है । जिसके सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं । वहीं मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि यह मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है ।
