झरिया । सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में झरिया में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के क्षेत्रीय संगठन मंत्री शिवाजी क्रांति शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में हिंदुओं से संगठित होकर समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम की शुरुआत नगर में भव्य शोभा यात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इसके बाद दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। दीप प्रज्वलन मुख्य वक्ता शिवाजी क्रांति, नित्यानंद पांडे, राजकुमार अग्रवाल एवं डॉ. देवकी पांडे ने संयुक्त रूप से किया।
अपने संबोधन में शिवाजी क्रांति ने कहा कि लगभग 100 वर्ष पूर्व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना हिंदू समाज को संगठित करने के उद्देश्य से हुई थी और आज संघ विभिन्न सेवा कार्यों, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान संस्कार भारती की सरस्वती सेन एवं उनकी छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसमें नृत्य, गीत और संगीत ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम संयोजक राजकुमार अग्रवाल ने सभी अतिथियों, संगठनों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। झरिया नागरिक संघ द्वारा आयोजन स्थल पर शीतल जल एवं लस्सी की व्यवस्था की गई थी, वहीं मारवाड़ी युवा मंच ने शोभा यात्रा में शामिल लोगों के लिए शरबत की व्यवस्था की।
इस सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गायत्री परिवार, झरिया नागरिक संघ, पतंजलि योग परिवार, ब्रह्मकुमारी संस्था, इस्कॉन, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, मातृशक्ति, दुर्गा वाहिनी सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही। साथ ही मारवाड़ी समाज, साहू समाज, बरनवाल समाज, मद्धेशिया समाज, केशरवानी समाज, मठ-मंदिर पुजारी एवं अन्य संस्थाओं के लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सरस्वती सेन डांस एकेडमी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने माहौल को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया।
