धनबाद । धनबाद के भगोड़े अपराधी प्रिंस खान के खिलाफ धनबाद पुलिस ने कार्यवाई तेज हो गई है और उस पर शिकंजा कसता जा रहा है । शनिवार को बैंक मोड़ पुलिस ने वासेपुर स्थित कमरमखदूमी रोड पर प्रिंस खान और गोपी खान के आवास पर अदालत के आदेशानुसार इश्तेहार चस्पा किया । मामले को लेकर बैंक मोड़ थाना के पुलिस अधिकारी सुनील कुमार रवि ने बताया कि प्रिंस खान और गोपी खान के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और दोनों लंबे समय से फरार चल रहे हैं । माननीय न्यायालय द्वारा कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया से पहले इश्तेहार जारी किया गया है, जिसके तहत उनके घरों पर नोटिस चस्पा किया गया । सुनील कुमार रवि ने बताया कि बैंक मोड़ थाना कांड संख्या 175/2023 और 277/2023 सहित कई मामलों में दोनों आरोपी रंगदारी और आर्म्स एक्ट के तहत वांछित हैं । जिसे लेकर पुलिस लगातार प्रिंस खान गिरोह पर शिकंजा कस रही है और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है । वहीं शुक्रवार को एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में हुए मासिक अपराध समीक्षा बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था और कांडों के निष्पादन की समीक्षा की गई । इस दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने मीडिया कर्मियों से बात किया और स्पष्ट कहा कि किसी भी संगठित अपराधी द्वारा मोबाइल या मैसेज के द्वारा धमकी देने पर घबराने की जरूरत नहीं है । ऐसा होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें । पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है । उन्होंने कहा कि प्रिंस खान से जुड़े मामलों को लेकर उच्चस्तरीय बैठकें की जा रही हैं और केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय बनाया जा रहा है । एसएसपी ने चेतावनी दी कि यदि कोई अपराधी जिले में वारदात को अंजाम देता है तो पुलिस पहले से अधिक सख्ती और तेज कार्रवाई के साथ जवाब देगी ।
