धनबाद । धनबाद कोर्ट को एक बार फिर ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमा तुरंत हरकत में आ गया और पूरे कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया.डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल ने कोर्ट कैंपस में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया. इस दौरान डॉग स्क्वायड टीम की भी मदद ली गई. सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट परिसर के एक-एक कोने की गहन तलाशी ली ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि का पता लगाया जा सके.पुलिस द्वारा कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. साथ ही एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है. इस संबंध में डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार ने बताया कि कोर्ट को प्राप्त ई-मेल के आधार पर पुलिस पूरी सतर्कता के साथ जांच कर रही है. हर संभावित स्थान की बारीकी से तलाशी ली जा रही है और तकनीकी टीम भी ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है.फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. हालांकि सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है.

वहीं अधिवक्ता ने बताया कि यह तीसरी बार है जब इस तरह का धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ है. बम की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में हड़कंप मच जाता है और भय का माहौल बन जाता है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मेल से अनावश्यक दहशत फैलती है.
उन्होंने यह भी कहा कि हर बार ई-मेल मिलने के बाद प्रशासन मुस्तैद हो जाता है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाते हैं लेकिन अब तक मेल के स्रोत का पता नहीं चल सका है. अधिवक्ता ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए ई-मेल के स्रोत का जल्द पता लगाया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *