झरिया । एलपीजी गैस की समस्या से लोग परेशान है । मंगलवार की सुबह झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला माईनस रेस्क्यू के समीप धनबाद-सिंदरी मुख्य मार्ग पर सैकड़ों लोगों ने सड़क जाम कर विरोध करने लगे । लोगों का कहना है कि तीन- चार दिनों से गैस सिलेंडर के लिए सुबह-सुबह सिलेंडर लेकर एजेंसी पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें हर दिन निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चौधरी गैस एजेंसी में अव्यवस्था के साथ-साथ काला बाजारी भी हो रही है। उनका कहना है कि पहले बुकिंग के बाद गैस सिलेंडर सीधे घर तक पहुंचा दिया जाता था, लेकिन अब उपभोक्ताओं को खुद एजेंसी के सामने लंबी लाइन में लगना पड़ रहा है। कई लोगों ने यह भी बताया कि उन्होंने 4 से 5 दिन पहले ही गैस के लिए भुगतान कर दिया था, इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा है। मंगलवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग बस्ताकोला इंडियन गैस एजेंसी के पास इकट्ठा होने लगे। जब करीब 11 बजे तक एजेंसी नहीं खुली, तो लोगों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची झरिया पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत करवाया और जाम हटवाया । वहीं गुस्साए लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही गैस की आपूर्ति सुचारू नहीं हुई, तो वे फिर से उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों का यह भी मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच तनाव का असर अब स्थानीय बाजारों पर भी दिखने लगा है, जिससे गैस की कमी और बढ़ गई है। वहीं रोजाना काफी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए गैस एजेंसी पहुंच रहे हैं । वही मामले को लेकर गैस एजेंसी के कर्मियों का कहना है कि फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं है । लोगों को गैस मिल रहा है लेकिन लोग एका – एक काफी संख्या में गैस एजेंसी पहुंच रहे हैं, जिस कारण लोगों को गैस मिलने में थोड़ी दिक्कत हो रही है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *