धनबाद। धनसार थाना क्षेत्र के मनाईटांड़ बस्ती स्थित सिंघाड़ा तालाब के रहने वाले एक मजदूर ने आरोप लगाया है कि सूरज साहू नामक युवक उसके पूरे परिवार को अपने साथ लेकर फरार हो गया है। पीड़ित प्रकाश तुरी ने धनसार थाना में लिखित शिकायत देकर पत्नी, बच्चों और नाबालिग बहन की सकुशल वापसी की मांग की है। शनिवार को वह रणधीर वर्मा चौक स्थित गांधी सेवा सदन पहुंचकर मीडिया के सामने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
प्रकाश तुरी ने बताया की गुरुवार की शाम करीब 6 बजे जब वह काम से घर लौटा तो घर का दरवाजा खुला मिला। घर के अंदर जाने पर उसकी पत्नी अंजलि कुमारी, बेटा अभिषेक कुमार, बेटी रूही कुमारी और उसकी नाबालिग बहन रजनी कुमारी घर पर नहीं थे। आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश करने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका।
प्रकाश तुरी का कहना है कि घटना के बाद से सूरज साहू का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है और वह अपने घर से भी फरार है। पीड़ित ने आशंका जताई है कि उसकी पत्नी और बहन के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। उसने पुलिस प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई करते हुए उसके परिवार को सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।
