धनबाद । करोड़ों रुपये की ठगी और गबन के मामले में धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नामजद आरोपी राखी अग्रवाल को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार कर धनबाद लाया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई अहमदाबाद निवासी और नारायणी कोक प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर पवन मोर की शिकायत के आधार पर की गई है। पवन मोर ने अपनी शिकायत में करीब 141 करोड़ रुपये के गबन और ठगी का आरोप लगाया है। यह मामला वर्ष 2024 का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार झरिया निवासी संजय अग्रवाल और पवन मोर के बीच व्यापारिक साझेदारी थी। इसी दौरान आर्थिक लेन-देन में गड़बड़ी का आरोप सामने आया और मामला करोड़ों रुपये के गबन तक पहुंच गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। दर्ज एफआईआर में राखी अग्रवाल, संजय अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, अमन कुमार राय और गणेश यादव को नामजद आरोपी बनाया गया है। संजय अग्रवाल और सचिन अग्रवाल पहले से ही गुजरात की जेल में बंद हैं।

वहीं संदीप अग्रवाल, अमन कुमार राय, गणेश यादव और एक अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी राखी अग्रवाल, संजय अग्रवाल, सचिन अग्रवाल और संदीप अग्रवाल से जुड़ी कंपनी में एक्टिव डायरेक्टर के रूप में कार्यरत थी। आरोप है कि कंपनी के माध्यम से बड़े पैमाने पर आर्थिक अनियमितता और गबन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *