धनबाद । चर्चित कतरास बाजार डकैती कांड का खुलासा पुलिस ने महज कुछ घंटों में कर दिखाया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल चार अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटी गई बड़ी मात्रा में सोना और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने मंगलवार को डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि कतरास बाजार स्थित खेतान टावर कॉम्पलेक्स में संचालित “विशेश्वर लाल ऑर्नामेंट्स” ज्वेलरी दुकान में हुई डकैती के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। इस दौरान चार अपराधियों को जोगता थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से लूटे गए आभूषण बरामद हुए हैं।बताया गया कि अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद रेलवे लाइन होते हुए भाग रहे थे, तभी आरपीएफ सब इंस्पेक्टर आभास चंद्र सिंह, जवान प्रदीप कुमार और रितेश मीणा की सतर्कता से उन्हें पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान उनके पास से सोने के आभूषण, चांदी के बर्तन, सिक्के, बिछिया और पायल सहित भारी मात्रा में चोरी का सामान मिला।घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम और एसडीपीओ बाघमारा पुरुषोत्तम कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया था। उल्लेखनीय है कि इस डकैती में करीब 20 से 22 किलोग्राम चांदी और लगभग 400 ग्राम सोने के आभूषण लूटे गए थे। पुलिस अब गिरोह के शेष सदस्यों की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है ।
