धनबाद । झारखंड के धनबाद जिला स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में शनिवार-रविवार की देर रात स्त्री एवं प्रसूति विभाग से एक नवजात बच्चा गायब हो गया। जिसकी जानकारी परिजनों को रविवार की अहले सुबह हुई। जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार 25 दिसंबर को टुंडी के मनियाडीह स्थित भेलोई गांव निवासी शालिग्राम मरांडी की पत्नी सरिता देवी ने स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में एक पुत्र को जन्म दिया था। आदिवासी दंपती का नवजात बच्चा चोरी होने के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है और पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मामले की जानकारी मिलने पर सरायढेला पुलिस और अस्पताल प्रबंधन सीसीटीवी में मिले फुटेज से छानबीन कर रही है। 

2021 में भी नवजात की हुई थी चोरी : मालूम हो कि वर्ष 2021 में 21 अक्टूबर को भी शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल से एक नवजात गायब हुआ था। जिसकी बरामदगी के लिए मां गुड़िया देवी ने 33 घंटे तक अन्न पानी त्याग दिया था। लगभग 33 घंटे के बाद गुड़िया के नवजात को धनबाद पुलिस ने बरामद कर उसे सौंपा था। इसी ममले में पुलिस ने दो महिला तेजीया देवी और कजली देवी को नवजात चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर बच्चे को बरामद किया था। अस्पताल में 21 अक्टूबर की दोपहर 2:30 बजे के आसपास गुड़िया का  प्रसव स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में हुआ था। इसके बाद दो महिला बच्चे को लेकर फरार हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *