कुमार अजय

कतरास । बीसीसीएल के क्षेत्र-4 अंतर्गत लकड़का बंद पड़े 8 नंबर चानक जो कतरी नदी किनारे स्थित है, वहां इन दिनों भूमिगत खदान से उठता जहरीला धुआं ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। क्षेत्र में लगातार धुआं निकलने से आसपास का इलाका धुंध और दुर्गंध से भर गया है, जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है, ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कई दिनों से भूमिगत खदान से आग सुलग रही थी, जिससे काला घना धुआं निकल रहा है। शुक्रवार को स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि घरों में धुआं भर जाने से बच्चों व बुजुर्गों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इसकी सूचना देने के बावजूद बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इस बात को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी और भय दोनों व्याप्त है, अगर आग का दायरा बढ़ा तो नदी किनारे बसा पूरा इलाका खतरे में पड़ सकता है। ग्रामीणों ने बीसीसीएल अधिकारियों और जिला प्रशासन से तत्काल निरीक्षण कर धुआं पर नियंत्रण करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में फैलते खतरे को समय रहते रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *