धनबाद । गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के जनता गिरिडीह गांव में बुधवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। जानकारी के अनुसार, एक पक्ष खेत में धान की कटाई कर रहा था, तभी दूसरे पक्ष के दर्जनों लोग मौके पर पहुंचे और कुल्हाड़ी, तलवार, लाठी-डंडे से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच (SNMMCH) भेजा गया है।
घटना जिस जमीन पर हुई, वह खाता संख्या 32, प्लॉट संख्या 309, रकबा तीन एकड़ 82 डिसमिल बताई जा रही है। इस जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है, जो वर्तमान में सिविल कोर्ट में विचाराधीन है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि करीब 100 लोगों के समूह ने एकतरफा हमला कर दिया, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
फिलहाल, पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी हुई है। दूसरे पक्ष के घायल लोगों की संख्या का अब तक पता नहीं चल सका है।
