बलियापुर । धनबाद जिले के बलियापुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है । पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर कई चोरी के मामलों का उद्भेदन किया है । चोरों के पास से लाखों रुपये के आभूषण, लैपटॉप, मोबाइल, ड्रिल मशीन समेत अन्य सामान बरामद किया हैं । मामले की जानकारी सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने गुरुवार को बलियापुर थाना परिसर में प्रेस वार्ता में दी । उन्होंने बताया कि पिछले एक सितंबर की रात बलियापुर निवासी चंडी चरण चटर्जी के घर में घुसकर चोरों ने 50 हजार रुपये नकद, सात-आठ भर सोने के गहने, सैमसंग का मोबाइल सहित कई सामान चुराकर फरार हो गए थे ।घटना के बाद बलियापुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया । टीम ने छापेमारी कर झरिया के बालुगदा निवासी बादल महतो और बेलगड़िया कॉलोनी निवासी ललन मंडल उर्फ लाला को गिरफ्तार किया । पूछताछ में दोनों ने उक्त चोरी के साथ – साथ झरिया, बोरागढ़ और जोरापोखर थाना क्षेत्रों में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया । सिटी एसपी ने बताया कि दोनों पेशेवर अपराधी हैं और इनके खिलाफ झरिया, जोरापोखर, तिसरा व बलियापुर थाने में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं । इनकी गिरफ्तारी से अब तक कुल छह चोरी कांडों का खुलासा हो गया है । पुलिस ने दोनों आरापियों को गुरुवार को जेल भेज दिया है । सिटी एसपी ने कहा कि जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है ।
