समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले प्रकल्पों की आवश्यकता” – नरेश केजरीवाल
मारवाड़ी युवा मंच – झरिया शाखा द्वारा “अमृतधारा” प्रकल्प अंतर्गत वाटर कूलर मशीन का लोकार्पण

झरिया। मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा आज आरएसपी कॉलेज, झरिया में “अमृतधारा” प्रकल्प के अंतर्गत आधुनिक वाटर कूलर मशीन का भव्य लोकार्पण किया गया।

यह वाटर कूलर मशीन फुसरो निवासी श्री मनोज अग्रवाल द्वारा अपने स्व. पूज्य पिता श्री नानक राम अग्रवाल जी की पुण्य स्मृति में उदारतापूर्वक उपलब्ध कराई गई।

कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों के लिए शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने हेतु मंच से आग्रह किया था। इस पर संज्ञान लेते हुए झरिया शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा एवं पूर्व अध्यक्ष श्री गणेश अग्रवाल ने इस कार्य को साकार किया।

इस अवसर पर प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री नरेश केजरीवाल ने कहा – “इस प्रकार के सामाजिक प्रकल्प विद्यार्थियों के जीवन में सुविधा और स्वास्थ्य दोनों लाते हैं। साथ ही समाज में सहयोग और सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा भी देते हैं।

झरिया शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने कहा –“विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को देखते हुए मंच सदैव तत्पर है। ‘अमृतधारा प्रकल्प’ हमारी इसी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”

कार्यक्रम में झरिया शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, प्रांतीय सहायक मंत्री श्री राजीव सांवन्तिया, संयोजक गौरव मोदी, दिनेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल थे। साथ ही कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नीलेश कुमार सिंह, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ भी उपस्थित रहे।

कॉलेज प्रबंधन एवं अध्यापक वर्ग ने मारवाड़ी युवा मंच की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य विद्यार्थियों की बुनियादी आवश्यकता को पूरा करने वाला है और इससे उन्हें प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा ने आगे भी इसी प्रकार के सामाजिक प्रकल्पों को समाज में उतारने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *