झरिया। शिक्षक दिवस के शुभ अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा 4 सितम्बर को शिक्षक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंच के पदाधिकारी एवं सदस्य झरिया क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में पहुंचे और उन प्राचार्यों को सम्मानित किया, जिन्होंने मंच की सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया है। मंच के सदस्यों ने प्राचार्यों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

सम्मानित प्राचार्यों में श्रीमती पूनम गोयल (प्राचार्या, बालिका विद्या मंदिर), श्री मनोज कुमार रवानी (प्राचार्य, मारवाड़ी स्कूल, झरिया), श्रीमती मुनमुन दास (प्राचार्या, महिला महाविद्यालय), श्रीमती मधुरी गांगुली (प्राचार्या, स्वामी विवेकानंद स्कूल), श्री गौतम बनर्जी (प्राचार्य, लक्ष्मी देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर), श्रीमती गीताली सिन्हा (प्राचार्या, यशोमति श्री विद्या निकेतन) एवं डॉ. स्नेहलता (प्राचार्या, किड्स गार्डन सीनियर सेकेंडरी स्कूल) शामिल रहीं।

महिला महाविद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान वहाँ की समिति के अध्यक्ष सीए दीपक अग्रवाल, श्री बसंत अग्रवाल एवं श्री बिनोद मोदी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

सम्मान ग्रहण करते समय प्राचार्यों ने मंच की इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की और कहा कि इस प्रकार के आयोजन शिक्षकों को समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्वों के निर्वहन हेतु और अधिक प्रेरित करते हैं।

शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि – “शिक्षक समाज की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उनके मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होते हैं। यह सम्मान हमारे द्वारा शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता और आदर का प्रतीक है।”

कार्यक्रम संयोजक श्री गौतम अग्रवाल ने कहा कि – “प्राचार्य का सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सम्पूर्ण विद्यालय परिवार और प्रत्येक शिक्षक के प्रति हमारी श्रद्धा एवं कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है। मंच का प्रयास रहेगा कि शिक्षा जगत से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को समाज में सम्मान और प्रेरणा का अनुभव हो।”

इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, पूर्व अध्यक्ष श्री विवेक लिल्हा, श्री राजीव सांवन्तिया, संयोजक गौतम अग्रवाल, श्रीमती नेहा मित्तल, श्री अनूप मित्तल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सफलता में सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम के उपरांत स्वामी विवेकानंद विद्यालय में पूर्व अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश कासट का अमूल्य मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उनके दिशानिर्देशों से भविष्य की योजनाओं को और अधिक सार्थक व सशक्त बनाने की प्रेरणा मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *