धनबाद । धनबाद जिले में एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के फील्ड ऑफिसर द्वारा दर्ज कराए गए लूटकांड की सच्चाई सामने आ गई है। पूरी घटना फर्जी निकली और खुद कर्मचारी ने ही साजिश रचकर ₹74,500 की रकम छुपाकर पुलिस में झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। धनबाद समाहरणालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी-2 धीरेंद्र नारायण बंका ने बताया कि भारत माइक्रो फाइनेंस इनक्लूजन लिमिटेड में कार्यरत साजिद अंसारी ने 21 जुलाई को टुंडी थाना में केस दर्ज कराया था। शिकायत में कहा गया कि टुंडी-गोविंदपुर रोड के पास दो बाइक सवार अपराधियों ने उससे नकदी, मोबाइल, टैब और बायोमेट्रिक मशीन लूट ली।

पुलिस जांच के दौरान पता चला कि साजिद ने नकदी अपने दोस्त अहमद अंसारी को पहले से ही देकर छुपा दी थी। जब दोस्त से पूछताछ हुई तो उसने ₹74,500 नकद पुलिस को सौंप दिया। साथ ही साजिद का मोबाइल और चार्जर भी बरामद हुआ। टैब और बायोमेट्रिक मशीन को उसने बराकर नदी में फेंकने की बात कबूल की। पूछताछ में साजिद ने बताया कि कंपनी की ओर से मिल रही प्रोत्साहन राशि में लगातार कटौती हो रही थी, जिससे परेशान होकर उसने यह झूठा लूटकांड रच डाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *