बलियापुर । बलियापुर- झरिया मुख्य सड़क मार्ग पर रखीतपुर रेलवे क्रॉसिंग के दौरान फाटक बंद होने से परेशान, आवागमन करने वाले राहगीरों को बहुत जल्द निजात मिलने वाली है। यहां संबंधित विभाग द्वारा जल्द ही अंडर पासिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए मंगलवार 12 जुलाई को सॉइल टेस्टिंग (भूमि की जांच) की प्रक्रिया शुरू की गई।
एसएसइ टेली, अनूप कुमार भट्टाचार्यी ने बताया कि इंजीनियरिंग विभाग के निर्देश पर आज हम लोग यहां के चिन्हित भूमि के अंदर से केवल वगैरह किधर से किधर गया है यह जांच कर रहे हैं।
इसकी रिपोर्ट डिपार्टमेंट को भेज दी जाएगी। इसके बाद डिपार्टमेंट द्वारा बोरिंग कर सॉइल लेकर उसकी जांच की जाएगी। इस जांच टीम में अनूप कुमार भट्टाचार्यी के अलावा सीनियर टेक्नीशयन कंचन दास एवं सीनियर टेक्नीशियन मनोज कुमार शामिल थे। ज्ञात हो कि रखीतपुर फाटक को बार बार बंद किए जाने से इस रास्ते आवागमन करने वाले लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। किसी भी ट्रेन के आने से लगभग 20 मिनट पहले ही फाटक बंद कर दिया जाता है, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इससे खासकर मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस को परेशानी होती है।
