धनबाद । जिले से लगभग 40 किलोमीटर दूर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैथन डैम में गुरुवार को नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के औरंगाबाद निवासी 27 वर्षीय पिंटू चौधरी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि पिंटू अपने परिजनों के साथ धनबाद घूमने आया था। इसी क्रम में वे लोग मैथन डैम पहुंचे थे।
जानकारी के मुताबिक, पिंटू अपने रिश्तेदारों से मिलने बिहार के औरंगाबाद से धनबाद आया था। गुरुवार को परिजनों ने उसे घुमाने के उद्देश्य से मैथन डैम ले गए। वहां मैथन छठ घाट पर नहाने के दौरान पिंटू गहराई में चला गया। बताया जा रहा है कि पिंटू को तैरना नहीं आता था, जिससे गहरे पानी का अंदाजा नहीं लग सका और वह डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही मैथन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद पिंटू का शव पानी से बाहर निकाला गया। पिंटू के साथियों ने बताया कि वे सभी धनबाद से कल्याणीश्वरी मंदिर पूजा करने जा रहे थे। रास्ते में मैथन डैम पर नहाने के लिए रुके थे। उसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जमा हो गए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है ।
