अभिषेक मिश्रा

सिंदरी । बी.आई.टी. सिंदरी में आज दिनांक 23/06/2025 को निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व संस्थान के नोडल पदाधिकारी डॉ. निशिकांत किस्कु एवं समन्वयक प्रो. प्रशान्त रंजन मालवीय ने किया।

रैली का शुभारंभ संस्थान के महाप्रतिपालक प्रो. (डॉ.) राजीव वर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर कई विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें प्रो. प्रो. जितेंद्र नाथ महतो, प्रो. नरेश प्रसाद चौधरी, प्रो. मनोज कुमार मिश्र, प्रो. महेन्द्र कुमार भगत,प्रो. संग्राम हेमब्रॉम, प्रो. राजेंद्र मूर्मू, प्रो. अशोक कुमार बर्नवाल, प्रो. बुधराम बोइपाई , श्री देवनन्दन सिंह आदि शामिल थे।

साइकिल रैली संस्थान के प्रशासनिक भवन से आरंभ होकर विभिन्न विभागों, छात्रावासों और आसपास के क्षेत्रों से होते हुए बी.आई.टी. मुख्य गेट तक पहुंची। रैली में छात्रों, शिक्षकों तथा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में नशा विरोधी संदेशों से युक्त तख्तियाँ लिए हुए “नशा छोड़ो, जीवन संवारो”, “स्वस्थ युवा, समृद्ध राष्ट्र” जैसे नारों के साथ वातावरण को जागरूकता से भर दिया।

रैली के समापन पर प्रो. (डॉ.) राजीव वर्मा ने उपस्थित सभी को मादक पदार्थों से दूर रहने तथा समाज में सकारात्मक सोच के प्रसार हेतु सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थान केवल ज्ञान का केंद्र ही नहीं बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व का वाहक भी होता है।

कार्यक्रम की सफलता में प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारियों तथा छात्रों का सराहनीय योगदान रहा। बी.आई.टी. सिंदरी द्वारा आयोजित यह पहल नशा मुक्त समाज की दिशा में एक सशक्त कदम सिद्ध हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *