निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । आज बुधवार को उपायुक्त सह अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार कुमुद सहाय की अध्यक्षता में पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भारत पाकिस्तान के बढ़ते तनाव एवं युद्ध जैसे हालातों के मद्देनजर युद्ध की स्थिति में जिला स्तर पर रिलीफ कार्य एवं अन्य बिंदुओं पर समीक्षात्मक बैठक आहूत किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि भारत द्वारा 6 मई की रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में नौ आतंकी ठिकानों पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक के बाद भारत-पाकिस्तान सीमा पर हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। आज गृह मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर झारखंड के 6 जिलों में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य युद्ध के स्थिति में आम नागरिकों एवं पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि हालांकि जामताड़ा सिविल डिफेंस जिले में शामिल नहीं है। लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हमें भी अलर्ट रहना है। उन्होंने कहा कि बगल में चित्तरंजन एवं डीबीसी है, कई सारे इंफ्रास्ट्रक्चर हैं, जिसे युद्ध की स्थिति में दुश्मन के द्वारा टारगेट किया जा सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मेंटली प्रिपेयर रहने के साथ साथ आसूचना तंत्र को विकसित करने, रिलीफ प्लान, सेफ हाउस, स्टॉक लिस्ट (जेसीबी, मशीनियरी, एम्बुलेंस, ट्रांसपोर्ट, फायर सर्विस, पावर) आदि बिंदुओं पर तैयारियों को पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिले के आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ साथ पारा मिलिट्री एवं बॉर्डर आदि पर तैनात सुरक्षाबलों के परिजनों तथा स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों के सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने हेतु सभी अंचल अधिकारी सह इंसीडेंट कमांडर को निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को निदेश देते हुए कहा कि इसे लेकर विद्यालयों में बच्चों को प्रशिक्षण दें।
वहीं अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनंत कुमार ने कहा कि युद्ध की स्थिति में हमारे लिए डिजास्टर मैनेजमेंट के तहत शिफ्टिंग के लिए शेल्टर होम/सेफ हाउस होनी चाहिए। जेसीबी एवं अन्य मशीनरी की आवश्यकता होगी, एम्बुलेंस एवं फायर सर्विस की आवश्यकता होगी। जिसके लिए सभी चीजों की सूची तैयार करने हेतु उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन सब चीजों को लेकर मोबाइलजेशन की आवश्यकता है। सही सूचना रखना जरूरी है। अफवाह नहीं फैले अलर्ट मोड में प्रशासन को रहना है एवं टीम वर्क में कार्य करना है। उन्होंने कहा कि वार अनप्रिडेक्टेबल है, सभी अपने रोल से अवगत रहें।
इस मौके पर परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मनोज कुमार, संबंधित अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
