धनबाद । झारखंड पुलिस की आतंकवाद निरोधक दस्ता ATS ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिज्ब उत तहरीर (एचयूटी) के एक और संदिग्ध को धनबाद से गिरफ्तार किया है। आतंकवादी संगठन से जुड़े इस शख्स का नाम अम्मार याशर है। एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने उसे गिरफ्तार किया है। एटीएस को गुप्त सूचना मिली थी कि आतंकी संगठन एवं अन्य प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े कुछ व्यक्ति झारखंड के अन्य युवकों को अपने नेटवर्क से जोड़कर सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से गुमराह कर रहे हैं। ये लोग अवैध आर्म्स का व्यापार कर रहे हैं और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं। इस संबंध में एटीएस रांची ने केस दर्ज कर सभी चार अभियुक्तों को 27 अप्रैल 2025 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। 30 अप्रैल 2025 को अभियुक्त गुलफाम हसन, अयान जावेद, मो शहजाद आलम और शबनम प्रवीण को पुलिस रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ की गयी। पूछताछ में अयान जावेद ने बताया गया कि अम्मार याशर (33) पिता मो फिरोज खान, साकिन शमशेर नगर, थाना भूली ओपी, जिला-धनबाद भी इन लोगों के साथ हिज्ब उत-तहरीर (HuT – HIZB UT-TAHRIR) प्रतिबंधित संगठन से जुड़ा है।
इसके बाद 30 अप्रैल 2025 को अम्मार याशर, उम्र करीब 33 वर्ष को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। इसके मोबाईल में प्रतिबंधित संगठन से संबंधित कई संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं।
