रांची । झारखंड सरकार के मंत्री व गिरिडीह के विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का निधन शनिवार की देर रात हार्ट अटैक से हो गया । बताया जाता है कि मंत्री की तबीयत शनिवार की रात अचानक तेजी से बिगड़ गई । जिसके बाद परिजनों ने उन्हें गिरिडीह के मर्सी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया । उनके आकस्मिक निधन ने हर किसी को हैरान कर दिया है। सुदिव्य सोनू के करीबी लोग इस घटना से स्तब्ध तो है ही, राजनीतिक गलियारा भी काफी मर्माहत है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) में शोक की लहर है। पार्टी के आधिकारिक X हैंडल सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए श्रद्धांजलि दी।
JMM ने कहा- पूरा परिवार स्तब्ध,,,,,
झामुमो ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को पार्टी, सरकार और झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया। पार्टी ने उनके संघर्ष, सेवा और योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। संदेश के अंत में पार्टी ने “अंतिम जोहार” कहा।
