झरिया । बुधवार की शाम झरिया थाना क्षेत्र के मेंन रोड देशबंधु सिनेमा हॉल के समीप लगे पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को लूटने का प्रयास किया गया । इस दौरान एक युवक सरेशाम एटीएम के अंदर घुसा और एटीएम को तोड़कर पैसे निकालने की कोशिश करने लगा । इसके बाद मौके पर अफरा- तफरी का माहौल हो गया । यह देख स्थानीय दुकानदार अजय वर्मा ने इसका विरोध किया और युवक को एटीएम से बाहर निकलने को कहा । जिससे आरोपी युवक आग बबूला हो गया और दुकानदार पर ही हमला बोल दिया । मगर दुकानदार ने बहादुरी दिखाई और युवक को जमीन पर गिरा कर पकड़ लिया । फिर इसकी सूचना झरिया पुलिस को दी गई, सूचना मिलते ही झरिया पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी युवक को पकड़ कर अपने साथ थाने ले गई । हालांकि घटना में दुकानदार अजय वर्मा को आंशिक चोटें आई हैं । वहीं स्थानीय लोगों में चर्चा है कि युवक एटीएम को लूटने का प्रयास कर रहा था । वहीं कुछ लोगों का कहना है कि युवक नशे में होगा जिस कारण वह नशे की हालत में ऐसा काम किया होगा । हालांकि खबर लिखे जाने तक आरोपी युवक की पहचान नहीं हो पाई है और न ही पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *