विष्णुगढ़। विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर एवम अचलजामो पंचायत के ग्राम लेदी में जंगल से आए सियार के झुंड ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। प्रखंड के गोविंदपुर में यह घटना संध्या 4 बजे की है जिसमें विकास कुमार पिता जितेंद्र महतो उम्र 14 वर्ष पर सियार ने हमला कर दोनों हाथ को गंभीर रूप से चोटिल कर दिया एवं रात्रि 8:00 बजे अंचलजामो के लेदी में सियार के झुंड ने एक वृद्ध महिला के ऊपर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया एवं महिला के साथ-साथ तीन अन्य लोगों को शिकार बनाते हुए नोच कर बुरी तरह घायल कर दिया। घायल हुई महिला का नाम कलावती देवी पति किशुन नायक उम्र 62 वर्ष है जो की अचलजामो की निवासी है। घायल हुई वृद्ध महिला की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, सियारों ने चेहरे को नोच कर बुरी तरह चोटिल कर दिया है।
हमले के बाद घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए विष्णुगढ़ स्वास्थ्य सेवा केंद्र लाया गया जहां पर स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार करने के पश्चात बेहतर इलाज हेतु महिला को हजारीबाग रेफर कर दिया गया। बताया जाता है की हमला करने वाले सियार के झुंड में कुल 6 सियार शामिल थे।
