धनबाद । आने वाले नववर्ष को लेकर कोयलांचल वासी खुशियां मनाने की तैयारी में जूटे हैं, वही नए साल के आगमन पर अवैध नकली अंग्रेजी शराब बेचने वाले लोग चंद पैसों के लिए लोगों की जान से खेलने के लिए तैयार बैठे हैं । इसका खुलासा तब हुआ जब मंगलवार को उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध नकली अंग्रेजी शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया । उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर धनबाद थाना क्षेत्र के हीरापुर माडा कॉलोनी के प्रेम नगर स्थित एक आवास में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने जब अंदर का नजारा देखा तो उनकी भी आंखें खुली की खुली रह गई ।
घर के अंदर भारी मात्रा में बना हुआ अवैध नकली शराब, नकली शराब बनाने के लिए भारी मात्रा में रखा कच्चा स्प्रिट, अलग-अलग ब्रांड के स्टीकर, शराब की खाली बोतले, ढक्कन व नकली शराब बनाने के कई सामान बरामद हुए हैं । छापेमारी के दौरान क्षेत्र में अफरा- तफरी का माहौल हो गया । छापेमारी के दौरान अवैध शराब फैक्ट्री का संचालक सागर बर्णवाल छत से कूदकर फरार होने में कामयाब हो गया। वहीं मकान मालिक भी इस अवैध कार्य में संलिप्त बताया जाता है। उत्पाद विभाग की माने तो प्रेम नगर स्थित आवास से कच्चा स्प्रिट, खाली बोतल व शराब बनाने के अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। धंधेबाजों ने नए साल के आगमन को देखते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बनाने का जुगाड़ कर रखा था। जिससे कि नववर्ष के अवसर पर जिले के विभिन्न होटल व दुकानों में नकली शराब को खपाया जा सके। वही अवैध शराब के संचालकों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
चंद पैसों के लिए लोगों की जान से खेल रहे है तस्कर,,,,
आपको बता दे की चंद पैसे कमाने के लिए तस्कर कच्चा स्प्रिट से नकली अवैध शराब तैयार कर रहे हैं । जो लोगों के पेट के अंदर जाकर धीरे- धीरे कई कई अंगों को जलाकर नष्ट कर देता है और कुछ महीनो या वर्षों के बाद शराब पीने वाले व्यक्ति की मौत हो जाती है ।
