धनबाद । सोमवार को स्कूल के नौंवी कक्षा के एक छात्र की तबीयत बिगड़ने से अचानक छात्र की मौत हो गई, घटना के बाद विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया । घटना के संबंध में बताया जाता है कि बड़वाअड्डा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित निजी सिंबोसिस पब्लिक स्कूल के लगभग 15 वर्षीय नौंवी कक्षा का छात्र पढ़ाई के दौरान अचानक से बेंच से नीचे गिर गया । स्कूल प्रबंधन ने आनन-फानन उसे इलाज के लिए धनबाद के अशर्फी अस्पताल ले गए । जहां से डॉक्टरों ने छात्र को बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच अस्पताल रेफर कर दिया । जहां डॉक्टरों ने जांचोपरांत छात्र को मृत घोषित कर दिया । सिंबोसिस पब्लिक स्कूल के प्राचार्य इंद्राणी घोष ने बताया कि नौवीं कक्षा के छात्र अजय कुमार साव धूप में बेंच पर बैठे हुए थे ।
तभी अचानक से उनको चक्कर आने लगा । इसके बाद वह सर झुका कर बैठ गया, कुछ ही मिनट के बाद वह नीचे गिर गया । शिक्षक द्वारा उस छात्र को आनन-फानन में अशर्फी अस्पताल लाया गया । जहां डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है । यहां लाने के बाद डॉक्टर ने उन्हें जांच कर मृत घोषित कर दिया । जबकि उनके परिजन यहां पर आ चुके हैं और यह लोग पुराना बाजार के रहने वाले हैं । स्कूल के प्रबंधन एवं प्रिंसिपल समेत शिक्षक लोग मौजूद हैं। खबर पूरे क्षेत्र में तेजी से फैल गई । छात्र के तबियत बिगड़ने की सूचना मिलते ही छात्र के परिजन के साथ-साथ मोहल्ले के लोग भी मौके पर पहुंच गए । वही छात्र का शव देखते ही पूरे अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है ।
