धनबाद । शहर के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में जख्मी अवस्था में एक युवक को मंगलवार की देर शाम कुछ युवकों ने भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मृतक के परिजन और परिचित अस्पताल पहुंचे। जहां उन लोगों ने आक्रोश दिखाते हुए बताया कि मृतक का नाम प्रेम रवानी है, जो कुसमाटांड़ बलियापुर का रहने वाला था। उसे आज देर शाम एक फोन आया। जिसके बाद वह धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया ओवर ब्रिज पर पहुंचा। जहां कुछ युवकों ने उसे एक कमरे में बंद कर तेज आवाज में डीजे बजाया।
डीजे की तेज आवाज में उसकी हत्या कर दी गयी ताकि उसके चीखने चिल्लाने की आवाज बाहर नहीं जाए और डीजे के शोरगुल में दब जाए। बाद में शव को कर्माटांड़ में फेंक दिया। जहां से स्थानीय लोगों ने उसे लाकर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतक के परिजनों का कहना है कि युवक की हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत हुई है। मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है।
परंतु परिजनों का कहना है कि आरोपी युवकों को वह लोग जानते हैं। पुलिस कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार करें और कड़ी से कड़ी सजा दे, अन्यथा उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
