धनबाद । शहर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत धैया-रानी बांध तालाब के समीप शुक्रवार की देर रात एक अनियंत्रित कार ने बाइक पर सवार तीन लोगों को चपेट में ले लिया। जिसमे भेलाटांड़ निवासी बीसीसीएल इंजीनियर पति और पत्नी की मौत हो गई। उनके बेटे ऋषभ दास (12 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों में बताया कि सिटी सेंटर की और से आ रही अनियंत्रित कार (JH 10 CF 0045) डिवाइडर से टकराकर बिजली पोल को तोड़ते हुए दूसरी लेन में चली गई। जहां राणा दास की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अनियंत्रित कार पलट गई। घटना के बाद कार सवार गाड़ी छोड़कर मौके पर से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की देर रात बीसीसीएल इंजीनियर राणा दास (45), अपने परिवार के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इस दौरान अनियंत्रित कार की चपेट में बाइक आ गयी। जिससे घटनास्थल पर ही राणा दास की मौत हो गई। वही उनकी पत्नी मानसी दास (35) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि पुत्र ऋषभ दास (12 वर्ष) की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
बताया जाता है कि एसयूवी कांग्रेस नेता हर्ष सिंह की कंपनी सिंह नेचुरल रिसोर्स प्रा. लि. के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस की मदद से घायलों को पहले जालान अस्पताल ले जाया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
